Labels

Saturday, March 21, 2020

हाय मेरा दिल


छुपता छुपाता, गुनहगार हो गया !
माह बिन मौसम बीमार हो गया !!

यूँ रहा रोता, दिल शिकस्ता रहा !
वो इमां था, तार तार हो गया !!

मुस्कुराता था अर्श पर फाँक सा !
एक दिल ये मेरा हज़ार हो गया !!

बे भरोसा नहीं, बादल भी नहीं !
बहुत रूमानी, बेशुमार हो गया !!

कोशिशें कितनी जुल्मी ना बना !
दिल दिल ना रहा एतबार हो गया !!

एक रंग हो उसका तो बताऊँ मैं !
''तनु'' रंगों को ले नौबहार हो गया !!... ''तनु''

माह-चाँद

Friday, March 20, 2020

आपको जब तलक छुआ ना था !


कोरोना अब तलक हुआ ना था !

आपको जब तलक छुआ ना था !!

कैसे साँसों में हरारत आयी !

ताप ने आपको छुआ ना था !!

घुस गया कैसे पेट में जा कर !

गोया वायरस था, पुआ ना था !!

जैसे साँसे गयीं और दिल डूबा !

ऐसा तो अब तलक हुआ ना था !!

वो क़यामत सुबह शामों की !

करने वाला कोई दुआ ना था !!

कैसी नादानियाँ करे पापी !

काँपता जो उसका रुआं ना था !!

मुतमइन हो के सब को लील गया !

दाँव पक्का ही था जुआ ना था !!

नापते चाहतें हदें उसकी !

वो मुआ, अतर मजमुआ ना था !!

लो ये कैसा बना है दीवाना !

मौत रटता रहा , सुआ ना था !!... ''तनु''

Thursday, March 19, 2020

इस जहां को बहार दे जाओ

इस जहां को बहार दे जाओ,
तार छेड़ो झनकार दे जाओ !

जिंदगी ख्वाब ही न हो जाये,
कोई मुनासिब सार दे जाओ !

चह चहाता नहीं घरौंदा क्यूँ ,

तुम्ही तिनके उधार दे जाओ !

खो गया है सबर करार कहीं,
कुछ ख़ुशी प्यार यार दे जाओ !

आओगी कब मिलने मिलाने को,
दाना दुनका पुचकार दे जाओ !

क्या कहें जो उदास बैठेंगे,
एक चिड़िया करतार दे जाओ !

चहचहाते किस्से हों जिसमें,
वो पुराना अखबार दे जाओ !.... ''तनु''

Sunday, March 15, 2020

माँ की ममता

जनम जनम की चाकरी,  जनम जनम उपकार!
माँ बढ़कर भगवान से,     जनम जनम दे प्यार!!

माँ की ममता छाँव सी,  शीतल सुरभित मंद!
शिशु को माँ की गोद में ,  कितना  है आनंद!!

माँ रूठी हो आपकी, जीवन हुआ असार!
माँ साथी हो आपकी,     जीवन में है सार !!

बलिहारी माँ आपकी,  जीवन दिया सँवार !
माँ बढ़कर भगवान से, जनम जनम उपकार!!... ''तनु''



माँ

ममता की छाया तले, शिशु को है आराम !
माँ तुम्हारे धीर को,    लाखों लाख सलाम !!

सुख, एहसास प्यार के,   अनबोले से बोल !
माँ औ ममता नाम का,  कहीं नहीं है मोल !!

रोऊँ तो छाती लगा, आँचल देती वार !
कैसे भूलूँ मैं भला,   माँ तेरा उपकार !!... ''तनु''





Friday, March 13, 2020

मिसरा मिसरा तुझे पिरोया

मिसरा मिसरा तुझे पिरोया
ग़ज़ल ग़ज़ल किया है प्यार
दाग़ मीर की ले विरासतें 
जग सँवारा मैंने यार

क्यारी में मुस्काने बोयी
फूल हँसी के डार डार 
नीलगगन पर तारे छिटके
बजती है मीठी सितार
प्रीत तेरी जीवन अनमोल
बरसे रंगों की फुहार
दाग़ मीर की ले विरासतें 
 जग सँवारा मैंने यार

पाँव बजेंगे पैंजन घुँघरू
छनकती पायल झंकार
मन की देवी को कर वंदन
पूजूँगा तुझे हरबार
प्यार अर्पण जीया समर्पण
भावों के मधुर उद्गार
दाग़ मीर की ले विरासतें
 जग सँवारा मैंने यार

नज़र नज़ारे ख़ुशी बयाँ है
खुश सभी अपने किरदार
नीर नदी का कल कल बहता
 लिए सहारा तट किनार
बंदिश कहाँ प्यार करने को
जब संग ले लो मनुहार
दाग़ मीर की ले विरासतें
  जग सँवारा मैंने यार ... ''तनु''










Saturday, March 7, 2020

पार लगा दो, मेरी नैया

पार लगा दो, मेरी नैया
मेरी नैया, सुनो खिवैया !
सुनो खिवैया,  आ जाओ अब
आ जाओ अब, दुख भारी है !
दुख भारी है, डूबी नैया !
डूबी नैया, पार लगा दो !!... ''तनु''