Labels

Monday, April 5, 2021

यूँ तिनका बनना सहा नहीं जाए

 

बनूँ तिनका सहा नहीं जाए !
खास भी तो रहा नहीं जाए !!

गुल चमन में खिला नया-नया सा !
ख़ुशबू इतनी कहा नहीं जाए !!

मधुकरी तितिल या कि हो भँवरे!
चमन छोड़कर, हा!! नहीं जाए !!

छाँव अंबुआ बयार ठंढी सी !
आम बौर इतरा नहीं जाए !!

ज़लज़ले औ क़हर सहे हमने !
बोल साथी कहा नहीं जाए !!

मौज ही मौज में चली मौजें !
हाँ अकेले बहा नहीं जाए !!

ग़म कुर्बान कर''तनु''हँसी ले ले !
जब ख़ुशी से नहा नहीं जाए !!..... ''तनु''

Saturday, March 27, 2021

बुलाता है अभी तुझको सभी का प्यार होली में


बुलाता है अभी तुझको सभी का प्यार होली में ;
नदी रंगों भरी तू है ना अबकी बार होली मे ?

सभी देखें तुझे जी भर तू देखे सब को जी भर के ;
क्यूँ बिखरे नीड के तिनके, रोया संसार होली में !

नहीं परदेस से लौटा, अगरचे ज़िद तेरी ऐसी ;
न जाने और ही क़र्ज़ का पड़ा है हार होली में !

मयस्सर कर खुशी सबको, कि हर इक आँख रोती है ;
दूर ही गाता रहा रसिया, नहीं श्रृंगार होली में !

कपोलों पे ढले आँसू दिखाते पीर इस दिल की ;
निभाता कौन से तू इश्क का किरदार होली में !

कहीं फाग का गायन कहीं कुल्हड़ में ठंडाई;
बिना तेरे हमें लगते हैं सब बेकार होली में !

मंजीरे ढोल भी फीके रंगों की चमक खोई ;
हुए बदरंग सब चेहरे, तड़फ़ इस बार होली में!

अदा तूने किये अब तक सभी फ़र्ज़ मुहब्बत के;
उभरकर आ गया रंगीं तेरा किरदार होली में !

बहुत फीके हैं 'तनु' अब ये ज़मीनो आसमाँ तुझ बिन ;
गुलाबी कब लगेगा बोल ये संसार होली में! ...... ''तनु''







Saturday, February 27, 2021

चमन चाहती हूँ, गुल भी चाहती हूँ


चमन चाहती हूँ, गुल भी चाहती हूँ ;
ख़ुशियाँ ही ख़ुशियाँ सदा चाहती हूँ !

जहाँ आसमान हो ज़मीं की पकड में ;
हो ऐसा खुदाया यहाँ चाहती हूँ !

मजबूरी आए न हिस्से किसी के ;
यही चाहती हूँ जी यहाँ चाहती हूँ !

रग़ों में रहे हमेशा ही रवानी ;
जिस्मो को जोशे-रवां चाहती हूँ !

जहां सिर्फ़ मेरा, रहे मेरा जाना ;
अजी चाहती हूँ, 'तनु' हाँ चाहती हूँ !... ''तनु''




Tuesday, January 19, 2021

आशियाना पंछियों का, उजाड़ने लगी ये हवा


आशियाना पंछियों का, उजाड़ने लगी ये हवा ; 
झाड़ देगी पत्तियों को, नहीं मानेगी ये हवा!

तिनका तिनका जोड़ कर एक घरौंदा था बनाया;
कैसी जाहिल, फिर दिखा गई बदमिज़ाजी ये हवा!

खौफ़ खाये फूल भी हर, खो गया कलियों का नूर;  
तोड़ती क्यों आबरू है, तूफ़ान बनके ये हवा!

रिस रहे नासूर हैं, ज़ख़्म गहरे होते ही गये;
बनती रही नादाँ कैसी, ख़ंज़र चुभाती ये हवा!

यूँ जहर लहू मत उतारिये  की मर जाऊँगा मैं;
ये फिज़ा सहमी हुई, दहशतगर्द दिखती ये हवा!

पहरे आवाज़ों पर क्यों,   जलते क्यों बेकसूर ये; 
बढ़ आती बवंडरों सी, है भूलभुलैया ये हवा!

टिमटिमाती हुई लौ की, जिन्दगी भी क्या जिन्दगी;
बेसहारा महरूम को, बुझा डालेगी ये हवा!

रौँद डाले कुचल डाले ,   न पता ठिकाना पूछती;
छीन लेती  निवाला  ''तनु''  भूखी सियासी ये हवा!!......  ''तनु'' 

Tuesday, January 12, 2021

धूप थोड़ी मिली मुझे आज है

धूप थोड़ी मिली मुझे आज है ;
दर्द ही गीत है दर्द ही साज है !

ग़ाफ़िल हुआ हूँ हाल से अपने;
गा रहा दर्द, जाने क्या राज़ है !

परिंदों ने दाना चुगा ही नहीं;
बात क्या है? सहमा डरा बाज है !

सूख आँसू, नयन हुए सहरा; 
हालत बुरी है कोढ़ में खाज है!

नाम दाने दाने लिखा ही नहीं;
बोलते हैं, किसान का राज है!

तोड़ते पटरियाँ करें जुल्म भी;
ये निराला नया ही अंदाज़ है!

मानो ख़ैरात में 
मिली जिंदगी  ;
फूटते बूँद बुलबुले आज है !

काश डरते 
तुम, न बुरा करते;
नाम ईश्वर लेते गिरती गाज है?

देखते देखते हुआ पत्थर ;
दिल ''तनु'' वही जिस पर नाज़ है!..  
''तनु''



Friday, January 8, 2021

माँ



मन पीड़ित तन रीतता,  इस दुनिया के बीच ; 
वे ही जन बैरी हुए,       जिनको पाला सींच  ! 

जब जब सुत की सुध जगे, बिसर जाय निज भान ;
नहीं सुध भूख प्यास की,ना सुख दुख को ज्ञान ! 

 मन आशा मेरी पिसी, चकिया के दो पाट ;
अँखियन जल झर झर बहे, देखत सुत की बाट !

सुत बिन जी नाही लगे, पल पल लागे भार ;
पलकों से काँटे चुनूँ  ,   सुत पथ रहूँ निहार !.... ''तनु''








Thursday, January 7, 2021

मैं ज़र्रा हूँ ज़र्रा ही रहने दें;

 मैं ज़र्रा हूँ ज़र्रा ही रहने दें;
वक़्त को अपनी कहानी कहने दें!

वादियों में सदाएँ सदियों से हैं;
बात जहां की उन्ही को कहने दें!

नहीं थमेगी कभी रफ़्तार उसकी;
बहता है वक़्त बेलोस बहने दें!

आग पानी में नहीं लगती कभी;
कोशिशें ये नाकाम हैं रहने दें!

झूठ की बुलंदियाँ रह न पाएँगी;
कुछ साँच की आँच तो सहने दें! 

आह भरने ना दे झिंझोड़ देगा;
चल उसकी नज़ाकतों को गहने दें!

जिन को पता अर्श का, ना फर्श का;
बहुत मासूम हैं न, अभी रहने दें!

''तनु'' इक अना इमारतें चढ़ती गयी;
 कभी गिरा उसे बेख़ौफ़ ढहने दें!... ''तनु''